आगरालीक्स…ताजमहल पर अब भीड़ का हुजूम देखने को नहीं मिलेगा. सैलानियों की संख्या होगी तय, उसी हिसाब से मिलेगा प्रवेश. आईआईटी दिल्ली की टीम ने किया निरीक्षण. देखीं व्यवस्थाएं
विश्वदाय स्मारक ताजमहल को देखने के लिए हर रोज हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. पर्यटन सीजन में ताजमहल देखने वालों का हुजूम उमड़ता है. खासकर सर्दियों में यह संख्या 50 से 60 हजार तक पहुंच जाती है तो वहीं न्यू ईयर या वीकेंड में इससे अधिक संख्या में भी पर्यटक ताजमहल का दीदार करते हैं लेकिन अब जल्द ही ताजमहल में आने वाले पर्यटकों की संख्या तय होगी. इसको लेकर आईआईटी दिल्ली की टीम ने निरीक्षण किया है. टीम ने स्मारक के विभिन्न स्थानों का जायजा लिया और उनके साथ एएसआई के अधिकारी भी साथ रहे. नीरी के बाद ताजमहल में आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञ शनिवार को निरीक्षण करने के लिए पहंंचे. एएसआई के उत्तरी क्षेत्र के निदेशक वसंत कुमार स्वर्णकार ने उनके साथ ताजमहल का निरीक्षण और प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मकबरे तक पर्यटकों के आने—जाने, रुकने और फोटोग्राफी के लिए तय स्थानों का भ्रमण कराया. आईआईटी के विशेषज्ञों ने ढाई घंटे रुककर यहां पर्यटकों की संख्या का आकलन किया और स्मारक के होल्डिंग एरिया भी देखे.