आगरालीक्स…दर्दनाक, आगरा के पिनाहट के रहने वाली दो महिलाएं और 3 साल के मासूम बच्चे की हरियाणा में एक्सीडेंट में मौत. परिवार में मचा कोहराम
आगरा के पिनाहट के रहने वाली दो महिलाएं और एक 3 साल के मासूम बच्चे की हरियाणा के सोहना रोड पर दर्दनाक एक्सीडेंट में मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मृतकों के गांवों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव जोर निवासी रामनिवास वर्मा तथा थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव भदरौली निवासी गजेंद्र सिंह आपस में जीजा-साले हैं और गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में काम करते हैं. शुक्रवार शाम करीब चार बजे दोनों परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ऑटो से गुरुग्राम के लिए रवाना हुए थे. बताया गया है कि शनिवार सुबह करीब दो बजे सोहना चौक के पास पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में रामनिवास की पत्नी अर्चना (22 वर्ष), पुत्री साक्षी (6 वर्ष), पुत्र मृदुल (3 वर्ष) और गजेंद्र सिंह निवासी भदरौली, उसकी पत्नी चांदनी (30 वर्ष), गजेंद्र की साली कांति (20 वर्ष), कुंवरसेन निवासी सूरजपाल थाना शमशाबाद, यशपाल सिंह की पत्नी प्रीति, पुत्री तमन्ना, पुत्र लक्की निवासी गोपी का पुरा थाना बासौनी तथा अयांश पुत्र गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए.सूचना पर पहुंची हरियाणा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने रामनिवास के तीन वर्षीय पुत्र मृदुल, गजेंद्र की पत्नी चांदनी और गजेंद्र की साली कांति को मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार रात तीनों शव गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. अन्य घायलों की भी स्थिति चिंता जनक बताई जा रही है. वहीं पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है.