आगरालीक्स…नदी में नहाना खतरनाक है…आगरा की यमुना में चार बच्चों की मौत के बाद घाटों पर लगे चेतावनी बोर्ड.. पुलिस ने की अपील
आगरा के बल्केश्वर मंदिर के सामने मंगलवार को चार बच्चों की डूबने से मौत् की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. हाल के समय में यमुना में डूबने से कई लोगों की मौत हुई है जिनमें बच्चों की संख्या ज्यादा है. कुछ दिन पहले भी बल्केश्वर के दो बच्चों की यमुना में डूबने से मौत हुई थी. मंगलवार को भी छह बच्चे नहाने के लिए यमुना में गए थे जिनमें से चार की डूबने से मौत हुई है. ऐसे में घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं.पुलिस ने की अपील
बुधवार को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में एसीपी छत्ता एवं थाना प्रभारी कमलानगर द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट, यमुना नदी किनारे सुरक्षा एवं जनजागरूकता हेतु चेतावनी संबंधी बोर्ड लगवाए गए. साथ ही नदी किनारे रहने वाले स्थानीय नागरिकों को जागरूक करते हुए बच्चों को नदी में स्नान न करने देने, नदी तट पर सतर्कता एवं आवश्यक सावधानियां बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई.

चार बच्चों की मौत ने झकझोरा
यमुना पार में फाउंड्री नगर स्थित विद्यापुरम के रहने वाले सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था, जन्मदिन मनाने के लिए उनके रिश्तेदार भी आए थे. मंगलवार दोपहर 11.30 बजे काजल अपने भाई विक्की और उनके रिश्तेदार मथुरा की रहने वाली 16 साल की रिया, सादाबाद के कुंजनपुर के रहने वाले 22 साल के कान्हा, 18 साल की महक और 13 साल का अंशु बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना में नहाने गए थे. यमुना में नहाते समय वे अंदर की तरफ जाने लगे, पानी अधिक होने पर एक के बाद एक युवक और युवतियां डूबने लगे, स्थानीय लोगों ने काजल और अंशु को बचा लिया लेकिन अन्य लोग डूब गए. यमुना में डूबने की सूचना पर स्थानीय लोग आ गए हैं. गोताखोर आ गए, बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. डीसीपी सिटी के अनुसार, 06 बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई, पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर पीएसी टीम की मदद से 05 बच्चों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें कान्हा, रिया व महक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी है, काजल व अंशू को सुरक्षित निकाल लिया गया.
पांच घंटे बाद मिला विक्की का शव
रेस्क्यू टीम ने 11 साल के विक्की की तलाश के लिए सर्च आपरेशन शुरू किया. करीब पांच घंटे बाद विक्की का शव भी यमुना से बाहर निकाल लिया.