आगरालीक्स…. आगरा के एक स्कूल के बच्चे अक्षयपात्र संस्था द्वारा सप्लाई की गई खिचडी खाकर फूड पॉयजनिग के शिकार हो गए, उन्हें भर्ती किया गया है, खिचडी में छिपकली बताई जा रही है। खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल लिए हैं।
आगरा के अलबतिया, जगदीशपुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर अक्षयपात्र संस्था हॉट कुक्ड की सप्लाई करती है। गुरुवार को यहां बच्चों के लिए खिचड़ी बन कर आई थी। खिचड़ी खाने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ गई। डीपीओ राजेंद्र कुमार ने उल्टी और पेटदर्द की शिकायत पर बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खाना खाने के बाद बच्चों को उल्टी की शिकायत हुई थी। करीब छह बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत ठीक है। भर्ती हुए बच्चों की उम्र 5 से 10 साल के बीच है।
खिचडी में छिपकली
बच्चों के परिजनों का आरोप है कि खिचडी में छिपकली थी, इसके बाद भी बच्चों को खिचडी दे दी गई। इसे खाते ही बच्चों की तबीयत बिगडती चली गई, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।
लिए गए सैंपल
आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची खाद्य विभाग की टीम ने खाने के सैंपल लिए। डीपीओ ने कहा कि बच्चों के परिवारीजन खाने में छिपकली निकलने की बात कह रहे हैं। टीम ने सैंपल लिए हैं। अगर जांच में बात सामने आती है तो अक्षयपात्र संस्था कि खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।