आगरालीक्स…आगरा में अधिकमास के प्रथम दिन नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में भव्य अन्नकूट मनोरथ, श्री पुरुषोत्तम मास महोत्सव का शुभारंभ
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में रविवार को श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) के पावन अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविंद) जी महाराज के मनोरथ उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 17 मई से 15 जून तक चलने वाले इस माहव्यापी उत्सव के प्रथम दिवस पर ‘अन्नकूट’ मनोरथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पुष्टिमार्गीय परंपरा में अन्नकूट का विशेष महत्व माना जाता है। यह उत्सव भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर ठाकुर जी को 56 भोग सहित विविध व्यंजन अर्पित किए जाते हैं। अधिकमास के प्रथम दिन इस मनोरथ के आयोजन से इसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि का प्रिय मास है और पुष्टिमार्गीय परंपरा में इस पूरे मास में वर्षभर के प्रमुख उत्सव मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज अन्नकूट के साथ इस विशेष आयोजन का मंगलारंभ हुआ है। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी को विविध प्रकार के मिष्ठान, नमकीन और पकवानों का विशेष भोग अर्पित किया गया। भक्तों के दर्शन हेतु मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने जानकारी दी कि 15 जून तक प्रतिदिन अलग-अलग मनोरथ आयोजित होंगे, जिनमें श्रद्धालु दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। अन्नकूट मनोरथ के चरण सेवक महेश पचौरी (गुड्डू भाई) रहे। उन्होंने श्रद्धा एवं समर्पण भाव से ठाकुर जी की सेवा में सहभागिता निभाई। उत्सव के सफल संचालन में रानू, विशाल, आदित्य, अमित, हैप्पी, सचेंद्र, मोहन और राहुल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर अपूर्व शर्मा, योगेश त्यागी, रुपाली दीक्षित, अरुण लवानिया आदि उपस्थित रहे।