आगरालीक्स…आगरा में खेले गए सरफराज खान मेमोरियल ऑल इंडिया वन डे क्रिकेट टूर्नामेंट का चैम्पियन बना स्पोटर्स विजाडर्स क्रिकेट क्लब. राहुल ने खेली 38 गेंदों में 125 रन की तूफानी पारी. 14 छक्के जड़े..
आगरा के दयालबाग स्थित कॉसमॉस क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पंचम सरफराज खान मेमोरियल ऑल इंडिया वन डे क्रिकेट टूर्नामेंट स्पोर्ट्स विजार्ड्स क्रिकेट क्लब ने अपने नाम किया है. स्पोटर्स विजाडर्स की ओर से राहुल तोमर ने 38 गेंदों पर 125 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें उन्होंने 14 छक्के जड़े. फाइनल मुकाबले में क्लब ने कॉसमॉस क्रिकेट अकादमी को सात विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.सात विकेट से जीता फाइनल मैच
टॉस हारने पर कॉसमॉस क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी की. टीम ने 42.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 274 रन बनाए. कॉसमॉस क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य पांडेय ने 110 रन की शतकीय पारी खेली तो वहीं हिमांशु सिंह ने 38 और अमन वर्मा ने 31 रन का योगदान दिया. स्पोर्ट्स विजार्ड्स क्रिकेट क्लब के अमित ठेनुआ और अर्जुन भारद्वाज ने तीन-तीन विकेट झटके लक्ष्य का पीछा करने उतरे क्लब के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की. राहुल तोमर ने मात्र 38 गेंद पर 125 रन ठोक दिए. उन्होंने 14 छक्के और 9 चौके लगाए. गेंदबाज बेबस नजर आए. लक्ष्य सिंह राठौर ने भी 71 रन की पारी खेली. टीम 22.2 ओवर में तीन विकेट पर 277 रन बनाकर जीत गई.
शानदार प्रदर्शन पर राहुल तोमर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार तेजिंदर सिंह, टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मयंक तिवारी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मनीष कुमार और सर्वश्रेष्ठ फील्डर अमन वर्मा को पुरस्कृत किया गया. फाइनल में द्रवित शर्मा और समीर खान ने अंपायरिंग जबकि सिमरन कुमारी ने स्कोरिंग की. विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी फिरोज खान और द्रवित शर्मा ने प्रदान की. इस दौरान मुकेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, हरीश गुप्ता, तरुण सिंह, किताब सिंह और पुष्पेंद्र बघेल भी मौजूद रहे.