आगरालीक्स… आगरा के नगर निगम चुनाव में मतगणना के लिए रूट डायवर्ट किया गया है, शुक्रवार को रूट डायवर्जन देखने के बाद ही घर से बाहर निकलें।
शुक्रवार सुबह आठ बजे से मंडी समिति परिसर में मतगणना शुरू होगी, यमुना पुल से रामबाग ओवरब्रिज की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। पफीरोजाबाद से आने वाले वाहनों को 100 फुटा कालिंदी विहार और हाथरस से आने वाले वाहनों को 100 फुटा कालिंदी विहार से फीरोजाबाद भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले वाहन नुनिहाई होते हुए यमुना किनारा रोड पर जाएंगे। इससे वाटर वक्र्स से लेकर रामबाग और यमुना किनारा रोड पर जाम ला रहेगा।
कडी सुरक्षा के बीच मतगणना
निकाय चुनाव की मतगणना एक दिसंबर को है। मतगणना कड़े सुरक्षा घेरे में होगी। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। मंडी समिति के गेट से उसी को एंट्री मिलेगी जिसके पास प्रशासन द्वारा जारी पास होगा। मंडी समिति के चारों तरफ पुलिस बैरियर बनाए गए हैं। इनसे आगे पासधारकों को ही आने दिया जाएगा। डीएम और एसएसपी के सख्त निर्देश हैं जो भी गड़बड़ी करे उससे सख्ती से निपटें। सीधे गिरफ्तार करके मुकदमा दर्ज करें।एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि मंडी समिति में पीएसी, चार एसपी, 10 सीओ, 25 थाना प्रभारी, 80 दारोगा, 800 सिपाही मौजूद रहेंगे। मंडी समिति के सामने से कोई वाहन नहीं गुजरने दिया जाएगा। इसके लिए छलेसर, सौ फुटा मार्ग, बजरंग पेट्रोल पंप, रामबाग फ्लाईओवर, रुनकता के पास पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।एक कंपनी पीएसी को विभिन्न थाना क्षेत्रों में रिजर्व में रखा गया है। मतगणना के दौरान पुलिस का शहर में मूवमेंट बना रहेगा। डॉयल 100 की गाड़ियां अपने-अपने निर्धारित प्वाइंट पर रहेंगी। वहीं जिला प्रशासन ने विजय जुलूस पर प्रतिबंध लगा रखा है। अधिकारी मानकर चल रहे हैं कि जो जीतेगा वह जुलूस जरूर निकालने का प्रयास करेगा। इसके लिए पुलिस को निर्देश हैं कि ऐसे सभी जुलूस के साथ पुलिस रहेगी। यह देखा जाएगा कि जुलूस या विजयी प्रत्याशी किसी ऐसे क्षेत्र में नहीं जाए जहां विरोध हो सके।