आगरालीक्स…आगरा की श्री मेडिकल एजेंसी से हुआ नकली दर्द निवारक दवा के बड़े रैकेट का भंडाफोड़. अलीगढ़, रुड़की तक पहुंची जांच. चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आगरा के कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. नामी कंपनी की दवा नकली तैयार की जा रही थी और आगरा सहित आसपास के जिलों में इसको भारी मात्रा में बेचा जा रहा था. औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने ऐसे गैंग का भंडाफोड़ किया है. मामले में चार मुख्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.6 मई को श्री मेडिकल एजेंसीज पर मारा था छापा
औषधि विभाग की टीम ने 6 मई को कम्मू टोला, फव्वारा स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा था. यह कार्रवाई एक नामी कंपनी की शिकायत पर की गई थी जिसमें कंपनी की ओर से बताया गया था कि आगरा में नकली आक्सालजिन डीपी टैबलेट बेची जा रही थी. जांच में दवा की खरीद फरोख्त में अंतर पाया गया था. फर्म के पार्टनर सुरेंद्र कुमार और उनके बेटे अंशुल गुप्ता से स्टॉक और लेजर मांगे गए थे. इसमें जितनी दवा खरीदी गई थी उससे कहीं अधिक गुना बिक्री दिखाई गई थी.
बेसमेंट में चल रहा था अवैध गोदाम
जांच के दौरान टीम पास ही स्थित गोल्डन पैलेस की बिल्डिंग में पहुंची जहां बेसमेंट में भारी मात्रा में दवाओं का भंडारण टीम को मिला. गोदाम बिना लाइसेंस के चल रहा था. टीम ने दवाओं को 33 सफेद प्लास्टिक कट्टों में भरकर सीज किया. कंपनी के तकनीकी विश्लेषण में दवओं के दो बैच पूरी तरह नकली पाए गए.
बिना बिल बेची जा रही थी नकली दवाएं, बसों से हो रही थी सप्लाई
टीम ने आगे जांच की तो सामने आया कि सुरेंद्र गप्ता अलीगढ़ के रहने वाले मयंक गुप्ता से बिना बिल नकली दवाएं मंगवाता था और यह दवाएं बसों के जरिए आगरा आ रही थी. सुरेंद्र गुप्ता से पूछताछ में खुलासा हुआ कि अप्रैल 2025 से अब तक करी 1.78 लाख से अधिक आॅक्सालजिन डीपी के नकली पत्ते आगरा पहुंचाए गए. इसके बाद टीम ने मयंक गुप्ता की गूगल मैप टाइमलाइन और कॉल रिकार्ड खंगाले तो उत्तराखंड के रुड़की में स्थित मै. लेरोई फार्मास्युटिकल्स प्रा. लि. का नाम सामने आया.
14 मई को उत्तर प्रदेश और उत्तरांखड की संयुक्त औषधि टीम ने छापेमारी की तो फैक्ट्री की छत पर भारी मात्रा में खाली एल्युमिनियम फायल और एम्बल रंग की पीवीसी कैविटी बरामद हुई, जिनकी पैकिंग शैली नकली आक्सालजिन डीपी जैसी ही थी. टीम ने यहां से 2.7 किग्रा खाली स्ट्रिप रोल, 90 किग्रा पीवीसी फायल जब्त की. फैक्ट्री के डायरेक्टर अन्नू अरोड़ा और संयम अरेाड़ा वैध दस्तावेज और मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड पेश नहीं कर सके.
चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
औधिक निरीक्षक नीलेश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने इस बड़े रैकेट के खुलासे में चार आरोपियों श्री मेडिकल एजेंसी आगरा के प्रोपराइटर सुरेंद्र गुप्ता, जय अम्बे मेडिकल एजेंसी अलीगढ़ के प्रोपराइटर मयंक गप्ता, लेरोई फार्मास्युटिकल्स प्रो लि. रुड़की के डायरेक्टर अन्नू अरोड़ा और संयम अरोड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.