आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा चौपाटी पर 400 रुपये की टिकट पर एडवेंचर. न हेलमेट पहनाया न नीचे सुरक्षा जाल. 45 फीट से कारोबारी का बेटे की नीचे गिरकर मौत. 5 सदस्यीय टीम करेगी जांच
आगरा चौपाटी पर रविवार शाम को हुए दर्दनाक हादसे में फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल के 15 साल के बेटे कुनाल की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा जिप लाइन में मानकों की अनदेखी की वजह से हुआ. 400 रुपये की टिकट पर यहां एडवेंचर कराया जा रहा था जिसमेें जिप लाइन, चिप साइकिल और बुल राइड शामिल हैं. कारोबारी के बेटे की मौत जिप लाइन में मानकों की अनदेखी की वजह से भी हुआ. 120 फीट लंबी जिप लाइन की ऊंचाई 45 फीट है. लेकिन किशोर को बिना हेलमेट के ही सवार कर दिया गया था. पुली का लॉक भी मजबूत नहीं था. यही नहीं जिप लाइन के नीचे किसी तरह का जाल या गद्छा भी नहीं रखा गया था.सुरक्षा के सवाल खड़ हुए
आगरा चौपाटी पर बड़ी संख्या में पर्यटक व लोग घूमने के लिए आते हैं. वीकेंड पर यह संख्या काफी ज्यादा हो जाती है. पर्यटकों को एडवेंचर स्पोटर्स का अनुभव कराने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण ने एक साल पहले ही चौपाटी पर जिप लाइन की शुरुआत की थी और इसका ठेका दिल्ली की फर्म ईओडी एडवेंचर पार्क को दिया गया है. रविवार को घटना के बाद पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार भी पहुंचे. उन्होंने माना कि जिप लाइन में मानकों की अनदेखी हो रही थी. हुक टूटने से हादसा होना बताया जा रहा है.
बेटे के नीचे गिरते ही मां की निकली चीख, पिता बेसुध
जिप लाइन हादसे में जान गंवाने वाला कुनाल 11वीं का छात्र था. उसने अपने छोटे भाई मयंक के साथ यूट्यूब पर चौपाटी में चलने वाली जिप लाइन के बारे में देखा था. वह जिप लाइन में एडवेंचर का मजा लेने के लिए कई दिन से पिता से जिद कर रहा था. पंकज रविवार को पत्नी और दोनेां बेटों के साथ आगरा पहुंचे थे. यहां सबसे पहले उन्होंने खाटू श्याम मंदिर में दश्रन किए. इसके बाद मॉल में पिक्चर देखने गए थे. पंकज की पत्नी रिंकी की बहन बल्केश्वर में रहती हैं. वह घूमने के बाद बहन के घर जाने वाले थे. शाम चार बजे चौपाटी पहुंचे और छह बजे हादसा हो गया. कुनाल के नीचे गिरते ही मां की चीख निकल गई और पिता बेसुध हो गए. मां ने बेटे को गोद में उठा लिया. दोनों बुरी तरह से बेटे से लिपटकर रोने लगे. जानकारी पर बाद में रिश्तेदार भी पहुंच गए. उनहोंने पंकज और रिंकी को संभाला. पिता बोले कि मैं तो बेटे को मनोरंजन कराने के लिए यहां लाया था, अब लाश लेकर जाउंगा.
चौपाटी पर ताला, हादसे की जांच को टीम गठित
हादसे के बाद आगरा चौपाटी को एडीए ने बंद कर दिया है. टिकट काउंटर की खिड़की बंद है, गेट पर अंदर से ताला लगा है. हादसे के कारण की जांच के लिए एडीए उपाध्यक्ष एम अरुंमोली ने 5 सदस्यीय टीम गठित की है. इसमें एडीए सचिव के अलावा चीफ इंजीनियर, टाउन प्लानर, एक्सईएन, प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं.