आगरालीक्स…आगरा में खोली जाएंगी 4000 औद्योगिक इकाइयां. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बैंकों को लोन वितरण तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री की महत्वकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अन्तर्गत किसी भी संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त कौशल प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आगामी 10 वर्षों की समयावधि में कुल 10 लाख नई सूक्ष्म इकाईयां स्थापित किये जाने के महत्वपूर्ण उद्देश्य की पूर्ति हेतु वित्त पोषण योजना प्रारम्भ की गयी है. योजनान्तर्गत मंगलवार को जनपद आगरा को प्राप्त 4000 लक्ष्यों की पूर्ति हेतु मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में समस्त बैंकों के जिला समन्वयकों/क्षेत्रीय प्रबन्धकों के साथ सभागार विकास भवन, आगरा में बैठक आहूत की गयी, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रत्येक बैंक की ब्रांच वार समीक्षा की गयी तथा बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत / वितरण हेतु लम्बित अत्यधिक आवेदन पत्रों पर असंतोष व्यक्त किया गया. मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बैंको को आवेदन पत्रों के वितरण की गति तेज करने तथा लम्बित आवेदन पत्रों को स्वीकृत करने हेतु निर्देशित किया गया. उन्होंने ने यह भी निर्देशित कि प्रत्येक सप्ताहिक बैठक की जायेगी. बैठक में समस्त बैंको के जिला समन्वयक, उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), DD कृषि, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी व अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे.