मथुरालीक्स…वृंदावन की छीपी गली में पोशाक गोदाम में लगी भीषण आग. आसमान में छाया काला धुआं. लाखों का सामान जलकर राख
आगरा मंडल के मथुरा जिले में वृंदावन की छीपी गली में गुरुवार दोपहर को एक पोशाक के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग की लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. आग से निकला काला धुआं आसमान में छा गया. सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची लेकिन संकरी गली होने के कारण आग बुझाने में दिक्कत हुई. करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका. लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है. मथुरा के नगर पंचवटी में अमित बसंल रहते हैं. इनका वृंदावन की छीपी गली में अपने रिश्तेदार के तीन मंजिला भवन में पोशाक का गोदाम है. प्रथम तल पर शोरूम है तो दूसरे एवं तीसरे तल पर गोदाम बना हुआ है. गुरुवार दोपहर करीब चार बजे गोदाम और शोरूम में आग लग गई. संकरी गली में पोशाक का गोदाम होने के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा. करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान आसपास के रहने वाले लोगों में दहशत मची रही. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.