आगरालीक्स…आगरा में महिलाओं ने देशी शराब ठेके पर की तोड़फोड़. शराब पेटियों में लगाई आग. बोलीं—सुबह 4 बजे से शुरू हो जाती है बिक्री. 9 महिलाएं और 3 पुरुष लिए हिरासत में…
आगरा के रामबाग स्थित चंदन नगर में देशी शराब का ठेका है. बुधवार को काफी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंच गईं. उन्होंने शराब ठेके का ताला तोड़ दिया और शटर उठाकर ठेके में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. शराब की पेटियों को बाहर सड़क पर फेंक दिया और कुछ में आग लगा दी. उनका कहना था कि इस शराब ठेके पर सुबह चार बजे से ही बिक्री शुरू हो जाती है. क्षेत्र का माहौल खराब हो गया है और यहां हर समय शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है. इसके कारण महिलाओं और बच्चियों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है. पुलिस ने रोका महिलाओं का प्रदर्शनसूचना पर थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंच गई. उनहोंने महिलाओं को समझाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं ठेका बंद कराने की मांग पर अड़ गईं और ठेके पर ही धरना देकर बैठ गईं. पुलिस का कहना है कि इसकी जानकारी आबकारी विभाग को दी गई है. ठेके के संचालन और निर्धारित समय के पालन की जांच कराई जाएगी. इधर ठेके पर उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने 9 महिलाओं और 3 पुरुषों को हिरासत में लिया. कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.