आगरालीक्स…आगरा में हिंडोले पर विराजे ठाकुरजी, झोंटा देने भक्तों की लगी होड़. प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान आज हुआ हरियाली तीज उत्सव
यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के तहत हरियाली तीज उत्सव मनाया गया। सुगंधित पुष्पों से सजे मंदिर में ठाकुर जी हिंडोले में विराजमान हुए। श्रीहरि को जोंटा देकर दर्शन करने के लिए भक्तों में उत्साह और उमंग था। हर भक्त अपनी बारी के लिए लम्बा इंतजार करते दिखे। बल्लभ कुल (पुष्टिमार्ग) में हरियाली तीज को ठाकुरानी तीज या ठकुरानी तीज कहा जाता है। पुष्टिमार्ग में श्रीकृष्ण को ठाकुर और उनकी प्रिय स्वामिनी श्रीराधा जी (ब्रज की ठाकुरानी) को ठाकुरानी कहा जाता है। यमुना जी को भी ठाकुरानी के रूप में पूजा जाता है। देख सखी तीज महातम आयो…, आलीरी सावन तीज सुहाग…, जैसे भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति के आनन्द में हर भक्त को डुबो दिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी की विशेष पूजा-अर्चना की। परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया। हरियाली तीज के अवसर पर रंग-बिरंगे झूलों को फूलों और पत्तियों से सजाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक तीज गीत गाते हुए झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया। अंत में सामूहिक आरती का आयोजन किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से गोपालकृष्ण खंडेलवाल, सरस्वती देवी, ब्रज खंडेलवाल, पद्मिनी खंडेलवाल, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, गुजल श्रोत्रिय आदि उपस्थित थे।