आगरालीक्स…आगरा में जीएसटी के नवीन प्रावधानों और कर व्यवस्था में किए जा रहे सरलीकरण, डिजिटल प्रक्रियाओं के बारे में व्यापारियों को दी जानकारी. अधिकारियों ने उनकी समस्याएं भी सुनीं और सुझाव भी लिए
उत्तर प्रदेश सरकार एवं राज्य कर विभाग द्वारा संचालित “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” के अंतर्गत अर्पणा मॉल, हॉस्पिटल रोड, आगरा में एक सफल एवं प्रभावी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी के नवीन प्रावधानों, कर व्यवस्था में किए जा रहे सरलीकरण, डिजिटल प्रक्रियाओं तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना एवं उनकी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना था। कार्यक्रम में विभाग की ओर से एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 (अपील) गुलाब चन्द्र, ज्वाइंट कमिश्नर (कार्यपालक) संदीप सिंह, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर खंड-5 कुलदीप कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर अनुराग चौबे, असिस्टेंट कमिश्नर सांची सरोजनी एवं राज्य कर अधिकारी चन्द्रशेखर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए जीएसटी से संबंधित नवीन प्रावधानों, ई-इनवॉइसिंग, ऑनलाइन अनुपालन प्रक्रियाओं तथा सरकार द्वारा व्यापार सुगमता हेतु किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी दी।अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों के लिए पारदर्शी, सरल एवं सुविधाजनक कर व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विभाग और व्यापारियों के बीच संवाद एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर आगरा रेडीमेड गारमेंट ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष आरके नय्यर ने राज्य कर विभाग एवं उपस्थित अधिकारियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम व्यापारियों और विभाग के मध्य विश्वास, पारदर्शिता एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे, जिससे व्यापारियों को सीधे विभागीय अधिकारियों से संवाद करने का अवसर मिलता रहेगा। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अधिकारियों, व्यापारियों एवं अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।