आगरालीक्स…आगरा में हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा के मेधावी 55 बच्चों का पंजाबी विरासत परिवार ने किया सम्मान. प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार दिए…
पंजाबी विरासत परिवार, आगरा द्वारा रविवार को होटल पूनम प्लाजा में आयोजित सम्मान समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, समाज तथा शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उद्योगपति सतपाल सिंह बत्रा द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पावन स्मृति में आकर्षक उपहार भेंट किए गए।समारोह को संबोधित करते हुए पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देना हम सभी का दायित्व है। कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं। महामंत्री बंटी ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा पंजाबी विरासत समाज के बच्चों के भविष्य के लिए सदा प्रयत्नशील है ।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने पंजाबी विरासत परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर सम्मान प्राप्त करने की खुशी साफ दिखाई दी और पूरे वातावरण में उत्साह एवं गौरव का भाव बना रहा।