आगरालीक्स…आगरा के तीन दवा कारोबारियों पर मुकदमा. औषधि विभाग की दो दिन की जांच में मिली लाखों की नकली सैंपल की दवाएं. तीन दर्जन सैंपल लिए…
आगरा के दवा बाजार में औषधि विभाग की टीम द्वारा की गई छापेमारी में तीन दवा कारोबारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. दो दिन तक चली इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आयुक्त डा. रोशन जैकब के नेतृत्व में प्रदेश के 28 जिलों के औषधि निरीक्षक की टीमों द्वारा की गई इस कार्रवाई में लाखों की नकली सैंपल की दवाएं मिली हैं. टीम ने तीन दर्जन के करीब दवाओं के सैंपल भी लिए हैं.आगरा में आयुक्त एफएसडीए डॉ. रोशन जैकब के निर्देशन में शुक्रवार को थोक दवा बाजार फव्वारा पर छापेमारी की, टीम को सूचना मिली कि नबाविया मार्केट स्थित ब्राइट फार्मा पर छापा मारा लेकिन दुकान बंद मिली. टीम ब्राइट फार्मा की संचालक राहुल बिहार दयालबाग निवासी रितिका पंजवानी, मनीष कुमार पंजवानी उर्फ सन्नी के घर पहुंची. ड्रग इंस्पेक्टर देशबंधु एवं देवयानी दुबे की तरफ से थाना न्यू आगरा में दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाए हैं कि मनीष कुमार पंजवानी के घर से सरकारी अस्पताल में सप्लाई किए जाने वाले महंगे एटी डी 300 के इंजेक्शन जब्त किए गए हैं, इन इंजेक्शन पर हॉस्पिटल सप्लाई नोट फोर सेल लिखा हुआ था. इसके साथ ही इंजेक्शन सहित अन्य दवा भी मिलीं जिन्हें अधिक तापमान पर रखा गया था.