आगरालीक्स…आगरा में डॉक्टरों ने की इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की अपील. सर्जन्स वीक में पर्यावरण संरक्षण के लिए निकाली इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली..
एसोसिएशन आफ सर्जन्स आफ आगरा (एएसए) के सर्जन्स वीक में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली निकाली गई। डाक्टरों ने अपील की कि वे वाहनों का कम इस्तेमाल करें, इसमें भी इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल करें। जिससे प्रदूषण की रोकथाम हो सके। कृष्णा इंद्रप्रस्थ से इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली (ईवीथान) का शुभारंभ हुआ, पांच किलोमीटर की रैली का समापन कृष्णा इंद्रप्रस्थ पर हुआ। एएसए के अध्यक्ष डा. अमित श्रीवास्तव और ईसी मेंबर डा. समीर ने कहा कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए लोगों को प्रयास करने चाहिए। पेट्रोल और डीजल के वाहनों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। इसकी जगह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करें।एएसए के पूर्व अध्यक्ष डा. सुनील शर्मा और सचिव डा. जगत पाल सिंह ने कहा कि पौधे लगाने के साथ ही वाहनों का सीमित इस्तेमाल खुली हवा में सांस लेने के लिए जरूरी है, जिस तरह से प्रदूषण बढ़ रहा है आने वाले दिनों में समस्याएं और बढ़ेंगी। रैली में डा. एचएल राजपूत, डा. विनीत वर्मा, डा. संदीप गुप्ता, डा. भुवनेश शर्मा, डा. उत्कर्ष, ऋषि श्रीवास्तव, सोनू आदि मौजूद रहे।