आगरालीक्स…क्या आपका गिरवी रखा सोना बैंक में है सेफ, फिरोजाबाद में बैंक आफ इंडिया के लॉकर से सोने के 96 पैकेट गायब. पुलिस ने ब्रांच मैनेजर सहित तीन को लिया हिरासत में. देखें वीडियो
फिरोजाबाद में बैंक आफ इंडिया की भरौल् शाखा में गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों की ओर से गिरवी रखे गए 96 सोने के पैकेट तिजोरी से गायब मिले हैं. इसकी जानकारी तब हुई जब मुख्य चाबी धारक पिछले 17 दिन से गायब था और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था. इतनी बड़ी घटना की जानकारी होने पर और एफआईआर के बाद पुलिस हरकत में आई है और तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है और इनसे पूछताछ की जा रही है. इनके पास से 150 ग्राम सोना भी बरामद हुआ है. इस पूरे मामले में मुख्य चाबी धारक यानी हैड क्लर्क की भूमिका अहम आई है. उसी ने तिजोरी से बार बार सोना निकाला.17 दिन से गायब था मुख्य चाबी धारक
मामला अरांव थाने में बैंक आफ इंडिया की भारौल् शाखा का है. बैंक के आंचलिक प्रबंधक आगरा आदित्य प्रताप सिंह द्वारा बुधवार रात को प्राथमिकी दर्ज कराई गई. इसमें बैंक का हैड क्लर्क और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार निवासी गांव बासगांव, इटावा पिछले 27 मई से बिना बताए अनुपस्थित था. जिससे तिजोरी का काम ठप चल रहा था. उससे कोई संपर्क न हो पाने के कारण आगरा कार्यालय को इसकी जानकारी दी गई.
इसके बाद 15 जून को जोनल कार्यालय के वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक अंकित और घिरोर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सुशील कुमार को भारौल भेजा गया. घिरोर शाखा में रखी डुप्लीकेट चाबी से वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ तिजोरी खोली गई तो उसमें सोने के 96 पैकेट गायब मिले. इस मामले में 17 दिन से गायब मुख्य चाबी धारक दिलीप के साथ तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव निवासी गांव उमराय, हाल निवासी प्रोफेसर कॉलोनी शिकोहाबाद और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार निवासी रयापुरा, करकोली सादाबाद को नामजद किया गया. पुलिस ने गुरुवार सुबह तीनों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने इनके पास से 150 ग्राम सोना भी बरामद किया है. पुलिस इनसे कड़ी पूछताछ कर रही है.
ग्राहकों की चिंता बढ़ी
इस गबन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के गोल्ड लोन धारकों में चिंता फैल गई. कई ग्रामीण बुधवार को अपने गिरवी रखे जेवरात की सुरक्षा की जानकारी लेने बैंक पहुंचे लेकिन उनहें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका.