आगरालीक्स…आगरा में फादर्स डे पर विधायक रहे स्व. जगन प्रसाद गर्ग सहित 8 पिताओं को मिलेगा बेस्ट फादर अवार्ड 2026.
सामाजिक संस्था 'एक पहल' के साथ 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' द्वारा पिताओं के सम्मान में गत 4 वर्षो से वर्ल्ड फादर्स डे पर बेस्ट फादर्स अवार्ड सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जो साल-दर-साल सफलता के नए आयाम छू रहा है। समारोह में बच्चों को सही दिशा देने वाले परिश्रमी पिताओं के साथ पिता के मार्गदर्शन पर चलकर देश का गौरव बढ़ाने वाले बच्चों के पिताओं को सम्मानित कर संस्था गर्व का अनुभव करती है। इसी क्रम में 21 जून, रविवार को शाम 3:30 बजे खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में बेस्ट फादर अवार्ड-2026 सीजन-5 का भव्य, भावप्रवण और संदेशप्रद आयोजन किया जाएगा। दयालबाग रोड स्थित होटल पूनम प्लाजा में आयोजन की जानकारी प्रदान करते हुए समाजसेवियों द्वारा समारोह का पोस्टर रिलीज किया गया।संरक्षक एवं समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल ने सीजन-5 में सम्मानित होने वाले आठ बेस्ट फादर्स के नामों की घोषणा करते हुए बताया कि इस बार लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल और स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत बेस्ट फादर के रूप में सम्मानित किया जाएगा। आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि देश और दुनिया को दीप्ति शर्मा जैसी ख्याति प्राप्त महिला क्रिकेटर प्रदान करने वाले पिता श्रीभगवान शर्मा, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता राम प्रकाश गर्ग, समाज को आईएएस अधिकारी और चिकित्सक बेटे प्रदान करने वाले पिता राकेश कुमार सिंह, देश को रोल बॉल की वर्ल्ड कप स्वर्ण पदक विजेता बिटिया देने वाले पिता दिग्विजय पचौरी, बाल कलाकार और मॉडल बनाने वाले पिता रोहन आहूजा को भी बेस्ट फादर अवार्ड दिया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक राजकुमार उप्पल और एक पहल के अंकित खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान उद्घाटनकर्ता और पार्क एक्सपोर्ट के एमडी समाजसेवी- उद्यमी नजीर अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। तपन ग्रुप के चेयरमैन प्रमुख समाज सेवी सुरेश चंद्र गर्ग समारोह की अध्यक्षता करेंगे। संरक्षक जाने-माने चिकित्सक डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, संरक्षक डॉ. अरुण शर्मा, अनूप यादव, डॉ. संजीव नेहरू, एड. रमाशंकर राजपूत और मिल्टन पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. राहुल राज के गरिमामयी सान्निध्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।