आगरालीक्स…आगरा में रात को चढ़ रही बारात का बैंड हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया. 10 से 12 लोग झुलसे. मच गया हड़कंप
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली से डोकी थाना क्षेत्र के बगदा गांव गई एक बारात में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात चढ़ते समय बैंड का उपकरण 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। हादसे में करीब 10 से 12 लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव बमरौली निवासी हीरालाल पुत्र जसराम के पुत्र सत्यवीर की बारात डोकी क्षेत्र के गांव बगदा में राधाचरण के यहां गई थी। सोमवार रात बारात चढ़ाई की रस्म चल रही थी और बैंड-बाजे के साथ बाराती नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन काफी नीचे होने के कारण बैंड का एक हिस्सा लाइन के संपर्क में आ गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाइन से संपर्क होते ही तेज धमाके के साथ करंट फैल गया और आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना होते ही बारात में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे में मदन शेखर पुत्र अमीर निवासी मदरसा फतेहाबाद, तरुण पुत्र नंदलाल निवासी अंबेडकर नगर फतेहाबाद, राजकुमार निवासी फतेहाबाद सहित लगभग 10 से 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों को मामूली झुलसन आई है, जबकि कई घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइनें निर्धारित ऊंचाई से नीचे लटकी हुई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।