आगरालीक्स…आगरा में बन रहे यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का अचानक निरीक्षण करने पहुंंचे प्रमुख सचिव अजय चौहान. समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने के दिए सख्त आदेश…
आगरा में बन रहे यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का बुधवार को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग जय चौहान ने अचानक निरीक्षण किया. डीएम मनीष बंसल के साथ पहुंचे प्रमुख सचिव ने निरीक्षण के दौरान परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों की समीक्षा की. प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए. उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार संपादित किए जाएं।निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण स्थल पर उपलब्ध संसाधनों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा तकनीकी पहलुओं का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए. प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि जनसामान्य को इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके. इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) तथा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (भवन खंड) सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे.