आगरालीक्स…घेवर अब सावन तक सीमित नहीं है, जून के महीने में ही आगरा इसकी खुशबू से महकने लगा है, प्रमुख मिठाई विक्रेताओं ने मलाई, मावा और केसर घेवर बनाना शुरू कर दिया है, कितनी वैराइटी और कीमत
आगरा में ऐसे तो घेवर का सही सीजन सावन और आसाढ़ महीनों यानि जुलाई से अगस्त तक माना जाता है, लेकिन इस बार जून के महीने में ही आगरा घेवर की खुशबू से महकने लगा है। शहर के कई प्रमुख मिठाई विक्रेताओं पर इन दिनों सादा, मलाई, मावा और केसर घेवर उपलब्ध है। वहीं आने वाले दिनों में इसकी 10 से 15 और वैराइटी मिलेंगी। फिलहाल घेवर की कीमत 720 से शुरू होकर 860 रूपये की तक है। आगरा के कमला नगर में अजंता स्वीट्स पर दो दिन पहले ही घेवर बनना शुरू हुआ है। यहां अभी सादा, मलाई, मावा और केसर घेवर 740 से 840 रूपये की कीमत तक में उपलब्ध है। वहीं जीवनी मंडी स्थित जीएमबी स्वीट्स पर भी घेवर बिकता देखा गया। यहां 760 से 860 रूपये किलो प्लेन, मलाई और केसर घेवर लोगों को खरीदते देखा जा सकता है।इसके अलावा अन्य कई मिष्ठान केंद्रों पर भी अब घेवर मिलने लगा है। जानकारों की मानें तो आगरा में यह मिठाई खास तौर पर मानसून के दौरान हरियाली तीज और रक्षाबंधन के त्योहारों से जुड़ा होती है। बरसात और उमस भरे मौसम में नमी होने के कारण ही आगरा के हलवाई ताजा और कुरकुरा घेवर तैयार करते हैं जो मुंह में घुल जाता है। आगरा के बाजारों में इस दौरान कई प्रकार के घेवर मिलते हैं मलाई और रबड़ी घेवर, सादा और केसर घेवर खासा पसंद किया जाता है। इस बार यह जून में ही मिल रहा है तो खाए बिना नहीं रहा जाता।
सावन की तैयारी हुई शुरू
देखा जाए तो सावन से काफी पहले ही हलवाइयों ने घेवर की तैयारी शुरू कर दी है। पहले के सालों में भी बाजार में सावन और तीज-त्योहारों से पहले ही इसकी खुशबू आना शुरू हो जाती है। अब यह पारंपरिक मिठाई केवल सावन तक सीमित नहीं है।
घेवर पूरे साल क्यों नहीं बनाया जाता ?
जानकार बताते हैं कि घेवर को मुख्य रूप से सावन और मानसून में ही बनाया जाता है क्योंकि इसकी जालीदार बनावट, नमी और मिठास उमस भरे मौसम के अनुकूल होती है। इसके अलावा यह तीज और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के सांस्कृतिक रीति-रिवाजों और उत्सवों से गहराई से जुड़ा हुआ है।
आगरा में कितनी वैरायटी ?
आगरा में फिलहाल शुरूआत ही है तो बहुत अधिक वैरायटी नहीं मिल रही हैं। अभी प्लेन, मलाई, मावा और केसर घेवर ही उपलब्ध है लेकिन संभावना है कि आने वाले दिनों में घेवर की 10 से 15 तक वैरायटी (फ्लेवर्स) मिलने लगेंगे। इसमें सादा, मलाई, पनीर, केसर, ड्राई फ्रूट और चॉकलेट फ्लेवर के घेवर काफी लोकप्रिय हैं। ड्राई फ्रूट्स और नट्स में बादाम, काजू, पिस्ता और मिक्स ड्राई फ्रूट घेवर जबकि फ्यूजन और नए फ्लेवर्स में चॉकलेट, केसर मिल्क, पाइनएप्पल और मैंगो फ्लेवर तक आगरा में आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं।