आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो से आईएसबीटी से ताजमहल तक 15—20 मिनट में पहुंचेंगे. न धूप न बारिश और न जाम की समस्या मिलेगी. जानें कितना होगा किराया
आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर के चार नये स्टेशन तैयार हो गए हैं और पांचवां स्टेशन आईएसबीटी पर भी फिनीशिंग का कार्य चल रहा है. अभी तक मेट्रो ताज पूर्वी गेट से मनकामेश्वर स्टेशन यानी बिजलीघर तक संचालित है. लेकिन संभवत: अगस्त में मेट्रो का परिचालन मनकामेश्वर यानी बिजलीघर से आईएसबीटी तक शुरू हो जाएगा. इस दायरे में पांच मेट्रो स्टेशन हैं जिसमें चार अंडरग्राउंड और एक ऐलिवेटेड स्टेशन है. चार अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस पूरी तरह से तैयार हो गए हैं और आईएसबीटी स्टेशन जो कि ऐलिवेटेड है उस पर फिनीशिंग चल रही है. यूपी मेट्रो द्वारा लगातार इस भाग मेट्रो ट्रेन का ट्रायल किया जा रहा है.
15—20 मिनट में आईएसबीटी से ताजमहल तक का होगा सफर
आगरा के ऐतिहासिक ताज महल से निकटतम मेट्रो स्टेशन ताज महल मेट्रो स्टेशन (वेस्ट गेट पार्किंग के निकट) है, जो प्रथम कॉरिडोर का चौथा स्टेशन है. यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए ताज महल से आईएसबीटी तक मेट्रो की सीधी सुविधा है. यात्री महज़ 15-20 मिनट में ताज महल से आईएसबीटी पहुँच सकेंगे.
मॉडल कनेक्टिविटी का उत्तम उदाहरण बनेंगे आगरा मेट्रो के स्टेशन
आगरा मेट्रो के स्टेशन मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के लिए उत्तम उदाहरण बनके उभरेंगे. साथ ही स्टेशन की समावेशी डिज़ाइन के चलते यात्री सीधे मेट्रो स्टेशन से आईएसबीटी एवं राजा की मंडी रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर सकेंगे.

आकर्षक पीडी एरिया बढ़ायेंगे स्टेशन की शान
आगरा में देश विदेश से आने वाले पर्यटक यदि बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर आयेंगे, तो उन्हें मेट्रो स्टेशन पर बने सुविधाजनक पीडी आउटलेट्स जैसे रेस्टोरेंट्स, किऑस्क्स, हैंडीक्राफ्ट की दुकान, आदि भी मिलेंगे. इसके साथ यात्रियों को आईएसबीटी से राजा की मंडी एवं आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
एक स्टेशन तक 10 रुपये
2 स्टेशन तक 15 रुपये
3 से 6 स्टेशन तक 20 रुपये
7 से 9 स्टेशन तक 30 रुपये
10 से 13 स्टेशन तक 40 रुपये
ऐसे में अगर आप आईएसबीटी स्टेशन से ताजमहल तक का सफर करते हैं तो आपको 8 स्टेशन तक का सफर करना होगा और इसके लिए 30 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट होगी. वहीं ताज पूर्वी गेट तक सिकंदरा तक 13 मेट्रो स्टेशन हैं. गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन बनने के बाद सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक 40 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट लगेगा.