आगरालीक्स…Agra News: लखनऊ में कोचिंग में आग के बाद आगरा में पहली कार्रवाई, एडीए की टीम ने कोचिंग की सील, 17 को नोटिस, उच्च शिक्षा विभाग ने भी कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों को दिए नोटिस।
संयुक्त सचिव एसबी सिंह के निर्देशन में टीम ने दोपहर में 12 वार्डों में अभियान चलाकर जांच की। इंद्रापुरम में प्रथम तल पर चल रही केमिस्ट्री गुरु कोचिंग में जाने का एक ही रास्ता था यह रास्ता भी सकरा था। बिल्डिंग चारों तरफ से बंद थी और इमरजेंसी एग्जिट गेट नहीं था। कोचिंंग में 40 बच्चे पढ़ते हैं, सुरक्षा के लिए कोचिंग को चिंताजनक मानते हुए सील कर दिया। टीम ने 53 कोचिंग संस्थानों की जांच की। इसमें से 17 को नोटिस दिए गए हैं। जबकि 38 कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक भवनों के संचालकों और भवन स्वामी ने अभिलेख और एनओसी भी उपलब्ध कराए।
उच्च शिक्षा विभाग की टीम ने भी की जांच
वहीं, उच्च शिक्षा विभाग की दो टीमों ने कोचिंग और लाइब्रेरी की जांच की। पहली टीम ने इंद्रापुरम और रोहता में जांच की और दूसरी टीम ने आवास विकास कॉलोनी में जांच की। कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों को सात दिन में उच्च शिक्षा विभाग में पंजीकरण कराने के लिए नोटिस दिया है।