आगरालीक्स…आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन. युवक को स्वामी प्रसाद का मुखौटा पहनाकर की पिटाई. सड़कों पर घसीटते हुए ले गए मानसिक चिकित्सालय….
भगवान राम और वीर हनुमान पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ. शनिवार को एक युवक को पूर्व कैबिनेट मंत्री का मुखौटा पहनाकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने जमकर प्रतीकात्मक पिटाई की. उसके हाथ पैर रस्सी से बांधे और सड़क पर घसीटते हुए मानसिक चिकित्सालय ले गए. यहां सांकेतिक इलाज के नाम पर ओपीडी का पर्चा भी कटवाया. यह प्रदर्शन अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के युवक को स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाया. इसके बाद हाथ पैर रस्सियों से बांधकर सड़क पर खींचते हुए मानसिक चिकित्सालय ले गए और यहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें सड़क पर लिटाकर जूते चप्पलों से प्रतीकात्मक पिटाई भी की. इसके बाद मानसिक चिकित्सलाय की ओपीडी में स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम से सांकेतिक पर्चा भी कटवाया गया. प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई.