आगरालीक्स…आगरा में सड़क और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता खराब मिलने पर इंजीनियर और कार्यदायी संस्था पर दर्ज होगा मुकदमा. सीएम योगी ने यमुना पर पुल, एयरपोर्ट और मेट्रो का काम जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
आगरा में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की. उन्होंने सभी विकास कार्यों जैसे एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि सिविल एयरपोर्ट का काम अक्टूबर तक पूरा होगा, रनवे विस्तारीकरण में कुछ पेड़ों को हटाया जाना है, जिसके लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति शेष है. इसी प्रकार विभिन्न सेतु निर्माण, सड़क चौड़ीकरण आदि में भी पेड़ों को हटाया जाना है. इस पर सीएम योगी ने सुप्रीम कोर्ट व एनजीटी अड़चनों को दूर करने के लिए प्रभावी पैरवी करने, सीनियर, अनुभवी अधिवक्ताओं का पैनल बना कर प्रभावी अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को अवरुद्ध न होने दें. जहां सड़क निर्माण में पुराने पेड़ आ रहे हैं उस जमीन को छोड़कर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करें.
गुणवत्ता खराब होने पर होगी एफआईआर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बैठक में आगरा मेट्रो के द्वितीय चरण के विस्तार व एयरपोर्ट निर्माण कार्य ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत कार्यों को उच्च गुणवत्ता से कराने, विभिन्न नवीन सड़क निर्माण, चौडीकरण, सुदृढ़ीकरण, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, सीवर, सड़क निर्माण अन्य कार्यों हेतु की जा रही रोड कटिंग का गुणवत्तापूर्ण रीस्टोर सड़क व अन्य निर्माण कार्यों में हर हाल में क्वालिटी पर विशेष जोर देने को कहा. सीएम योगी ने चेतावनी दी कि गुणवत्ता को खराब करने की किसी को छूट नहीं दी जा सकती, गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित कार्यदाई संस्था के इंजीनियर व कांट्रेक्टर की जवाबदेही तय कर, एफआईआर दर्ज कराएं संबंधित को जेल भेजें.
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आगरा अब मेट्रो शहर है और यहां सुविधाएं भी मेट्रो सिटी के अनुरूप होनी चाहिए. पानी, सड़क, सीवर, सौंदर्यीकरण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को कार्ययोजना बनाकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण कराएं. बैठक में शहर में भारी ट्रैफिक को कम करने हेतु बाई पास दयालबाग से खंदौली को जोड़ने के लिए यमुना पर पुल, एत्मादपुर बाईपास, ग्वालियर रोड पर जलभराव, विभिन्न धार्मिक स्थलों के संपर्क मार्ग, विभिन्न सेतु व सड़क निर्माण आदि की समस्या को जनप्रतिनिधियों द्वारा रखा गया. मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों के प्रस्तावों को कार्य योजना में शामिल करने के निर्देश दिए.

अवैध खनन पर तुरंत हो एक्शन
बैठक में पडौसी राज्यों से अवैध खनन व छुट्टा पशुओं की समस्या पर सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अवैध खनन न हो, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्यवाही की जाए तथा छुट्टा पशुओं पर पड़ौसी राज्यों मध्यप्रदेश व राजस्थान के प्रशासन से समन्वय कर कार्यवाही करें, जनपद के किसानों को कोई फसल क्षति न हो. बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध खनन में प्रयुक्त हेवी डंपर, ट्रकों द्वारा ग्रामीण रास्तों से आवागमन पर सख्त नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों को हैवी डंपरों के आवागमन के लिए नहीं बनाया जाता उनके चलने से समय से पहले क्षतिग्रस्त हो जाती है, ग्रामीणों को असुविधा होती है, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे अवैध खनन भारी वाहनों पर तत्काल रोक लगे तथा सड़क क्षतिपूर्ति की उनसे बसूली भी की जाएं.