हाथरसलीक्स…अखिलेश जी, आप अयोध्या की चिंता मत करिए, पश्चाताप करके एक बार प्रभु श्रीरामलला का दर्शन कर लीजिए, कम से कम इसी से सद्बुद्धि आएगी…हाथरस में सीएम योगी ने अखिलेश यादव को जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किया. उन्होंने कहा कि मैंने अखिलेश जी का बयान सुना है जिसमें वो अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कह रहे हैं, अखिलेश जी अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की वालों को पहले अपना इतिहास देखना चाहिए. जिस समाजवादी पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया, कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों पर रोक लगाई और कांवड़ यात्रा तक प्रतिबंधित कर दी, वह आज अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कर रही है.रामलला के दर्शन कर लो, शायद सद्बुद्धि आ जाए
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि वे अयोध्या की चिंता छोड़ दें क्योंकि अयोध्या अपनी पहचान के लिए किसी की मोहताज नहींहै. अखिलेश जी, अयोध्या को रामभक्तों ने सजाया और संवारा है. आप उसकी चिंता मत कीजिए. पश्चाताप कर एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, शायद सद्बुद्धि आ जाए.
मथुरा—वृंदावन के लिए खुलकर बोलें
सीएम योगी ने कहा कि अगर सपा वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करना चाहती है तो उसे खुलकर मथुरा वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में बोलना चाहिए. जिस तरह रामजन्मभूमि मुक्ति आंदोलन चला था, उसी प्रकार श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी अभियान चलाने की बात सपा को खुलकर करनी चाहिए.
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि हम सत्यनिष्ठा के साथ यह संकल्प लेते हैं कि नई सरकार बनाकर अयोध्या को एक ऐसी अनुपम अनुकरणीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करेंगे, जहां विश्वभर से आए श्रद्धालु सच्ची आध्यात्मिकता की अद्वितीय अनुभूमि करेंगे. उनहोंने कहा कि प्रभु के आशीर्वाद के साथ हम अयोध्या के सनातन मान को आस्था—श्रद्धा, अखंड विश्वास और सच्ची भावना के सियाराम धाम के रूप में पुन: स्थापित और पल्लवित करेंगे.