आगरालीक्स…आगरा में 25 साल के युवक को सांस लेने में हो रही थी तकलीफ. एसएन मेडिकल कॉलेज की ईएनटी इमरजेंसी में जांच में युवक की श्वांस नली का 3 सेमीं लंबा हिस्सा सिकुड़ा मिला…सफल सर्जरी कर मरीज को मिली राहत
आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में श्वांस नली के सिकुड़ने यानी ट्रेकियल स्टेनोसिस की एक जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसके बाद 25 वर्षीय युवक को सांस लेने में हो रही गंभीर तकलीफ से पूरी तरह छुटकारा मिल गया। सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई की शिकायत के साथ युवक को एसएनएमसी की ईएनटी इमरजेंसी में लाया गया था। पूछताछ में मरीज ने बताया कि करीब 7 महीने पहले एक सड़क दुर्घटना के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था, जहाँ लगभग 1 महीने तक उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। कुछ महीनों बाद उसे सांस लेते समय घरघराहट और बेचैनी शुरू हो गई, जिससे उसके रोजमर्रा के काम भी प्रभावित होने लगे। एसएनएमसी में कराए गए सीटी स्कैन से पता चला कि मरीज की श्वास नली का 3 सेमी लंबा हिस्सा सिकुड़ गया है।ईएनटी विभाग के डॉ. अखिल प्रताप सिंह ने बताया कि श्वास नली का सिकुड़ना एक ऐसी स्थिति है जिसमें श्वास नली सिकुड़ जाती है और चूंकि यही सांस का मुख्य मार्ग है, इसलिए मरीज को सांस लेने में बहुत परेशानी होती है। इस मरीज की श्वास नली 50% से अधिक बंद हो चुकी थी, जिसके कारण सर्जिकल हस्तक्षेप जरूरी था। 5 जून को डॉ. अखिल प्रताप सिंह और उनकी टीम, जिसमें डॉ. सौम्यता, डॉ. दीपा, डॉ. लहरी और डॉ. श्रुति शामिल थीं, ने इस सर्जरी को सफलतापूर्वक किया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. कौस्तुभ, डॉ. विघ्नेश, डॉ. अभिषेक और डॉ. रितिका ने सहयोग दिया। सर्जरी के दौरान श्वास नली का 3 सेमी का सिकुड़ा और विकृत हिस्सा हटाकर ऊपर-नीचे के स्वस्थ हिस्सों को टांकों से जोड़ा गया। इस दौरान आवाज की नस को सुरक्षित रखना सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसमें सर्जिकल टीम पूरी तरह सफल रही।
सर्जरी के बाद मरीज को 7 दिनों तक आईसीयू और वार्ड में कड़ी निगरानी में रखा गया। अब उसे बिना किसी परेशानी के सांस आ रही है और उसकी आवाज भी पूरी तरह सामान्य है। मरीज को संतोषजनक स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉ. अखिल प्रताप सिंह ने कहा कि एसएनएमसी आगरा का ईएनटी विभाग आधुनिक तकनीकों और अनुभवी सर्जनों से लैस है और यहाँ इस तरह की जटिल सर्जरी समाज के सभी वर्गों के लिए न्यूनतम खर्च में उपलब्ध हैं।