आगरालीक्स…आगरा के श्रीमथुराधीश मंदिर में ठाकुर जी के हुए जल धारा दर्शन. 51 कलशों से ठाकुर जी का हुआ दिव्य जलधारा अभिषेक
प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर 51 कलशों से ठाकुर जी का 51 कलशों से दिव्य जलधारा अभिषेक (जलधारा स्नान) संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और ठाकुर जी के अलौकिक दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद 51 पवित्र कलशों के जल से ठाकुर जी का जलधारा अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान इत्र, गुलाबजल, तुलसी दल और चंदन अर्पित कर ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया। सुगंधित द्रव्यों और पवित्र सामग्रियों से संपन्न इस सेवा ने मंदिर के वातावरण को आध्यात्मिक आभा से भर दिया। अभिषेक के उपरांत ठाकुर जी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से मंदिर को सजाया गया और भक्तों ने भक्ति-भाव से प्रभु के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए ठाकुर जी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासित व्यवस्था के बीच दर्शन का क्रम चलता रहा। ठाकुर जी की आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय व जुगल श्रोत्रिय द्वारा आरती के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। दिव्य दर्शन और जलधारा अभिषेक के इस आयोजन ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया तथा पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नवल श्रोत्रिय, संजीव खंडेलवाल, पं. कोमल, नीटू, प्रीति, राधारानी खंडेलवाल आदि उपस्थित थीं।