फिरोजाबादलीक्स…दर्दनाक, आंधी के दौरान ई रिक्शा पर गिरा नीम का पेड़. दो लोगों की मौके पर ही मौत
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है. सोमवार शाम को आई आंधी और बारिश के दौरान थाना फरिहा क्षेत्र में एक नीम का पेड़ ई रिक्शा पर गिर गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. कई यात्री घायल हुए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजा है. वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.सोमवार देर शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी चलने लगी. एटा के अवागढ़ से सवारियां लेकर एक ई रिक्शा फिरोजाबाद के फरिहा की तरफ आ रहा था. जैसे ही ई रिक्शा एटा बार्डर पर स्थित गांव पृथ्वी सिंह चिढ़रई के पास पहुंचा तभी रास्ते में एक भारी नीम का पेड़ आंधी के दौरान अचानक ई रिक्शा के ऊपर जा गिरा. इससे चीख पुकार मच गई और ई रिक्शा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. हादसा देख आसपास के लोग मौके पर भागे और पेड़ के नीचे दबे लोगों को निकालने लगे. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने मौके पर बुलडोजर मंगवाया और पेड़ को हटाकर नीचे दबे करीब पांच से छह लोगों को बाहर निकाला. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. घायलों को अस्पताल भेजा गया है.