आगरालीक्स…आगरा में स्कूल खुलने के साथ ही बढ़ेगा ट्रैफिक लोड, शहर के कई रास्ते वैसे भी आधे बंद. एमजी रोड, दिल्ली गेट सहित कई जगह लग सकता है जाम…
एक जुलाई से सभी स्कूल खुल रहे हैं. इन स्कूलों के खुलने के साथ ही शहर में यातायात लोड और अधिक बढ़ जाएगा. स्कूली वाहनों के कारण दोपहर में जाम की स्थिति भी बन सकती है. दिल्ली गेट सहित शहर के कई रास्ते आधे वैसे भी बंद हैं. एमजी रोड पर पहले से ही मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है. ऐसे में दोपहर से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बन सकती है.शहर में करीब 12 लाख वाहनों के कारण वैसे ही तंग रास्तों से निकलना मुश्किल है. ऐसे में जब जुलाई से स्कूल खुलेंगे तो करीब एक 12 सौ स्कूली बसें और लगभग तीन हजार स्कूली कैब और वैन सड़कों पर दौड़ेंगी. बच्चों को लेने और वापस छोड़ने के लिए ये स्कूली वाहन दो फेर लगाएंगे. इस तरह दिन भर में आठ हजार तक अतिरिक्त स्कूली वाहनों का ट्रैफिक शहर की सड़कों पर बढ़ जाएगा. दोपहर में सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव सड़कों पर रहेगा. सुबह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे के बीच शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव सबसे ज्यादा होता है. सिटी बसों के अलावा आटो भी फेर लगाना शुरू कर देते हैं. ऐसे में जब स्कूली वाहन चलेंगे तो यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है.