आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में कैलाश मोड़ के निकट बनेगा द्वादश ज्योतिर्लिंग का भव्य आध्यात्मिक धाम. श्रद्धालु की सुविधा और व्यापक जनहित को देखते हुए लिया गया स्थान परिवर्तन का निर्णय
भगवान शिव की पावन नगरी कैलाश में प्रस्तावित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर को और अधिक भव्य एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से उसके निर्माण स्थल में परिवर्तन करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। पहले यह मंदिर कैलाश घाट के समीप प्रस्तावित था, लेकिन स्थान की सीमित उपलब्धता, भविष्य में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अब इस भव्य मंदिर का निर्माण कैलाश मोड़ के निकट किया जाएगा। यह जानकारी महंत गौरव गिरि महाराज ने दी।मंदिर निर्माण समिति ने बताया कि अनेक श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं इस पुनीत कार्य से जुड़े सहयोगियों ने सुझाव दिया कि सीमित स्थान पर इतने विशाल धार्मिक परिसर का निर्माण भविष्य में श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप नहीं रहेगा। साथ ही भीड़भाड़ और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अधिक विस्तृत एवं उपयुक्त स्थान पर मंदिर का निर्माण किया जाना जनहित में आवश्यक है। नए स्थान पर बनने वाला द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम पहले से कहीं अधिक विशाल, आकर्षक और आध्यात्मिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालु सभी बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एक ही परिसर में सहजता एवं श्रद्धा के साथ कर सकेंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, पूजा-अर्चना तथा अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मंदिर निर्माण समिति ने बताया कि शीघ्र ही भूमि पूजन की तिथि घोषित कर सभी श्रद्धालुओं को विधिवत सूचना दी जाएगी। बाबा कैलाशपति नाथ की कृपा से यह परियोजना धार्मिक आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी और शिवभक्तों के लिए विशेष आकर्षण का स्थान होगी। समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर निर्माण का कैलाश मंदिर ट्रस्ट से कोई संबंध नहीं है। यह भव्य धार्मिक परियोजना बाबा कैलाशपति नाथ के आशीर्वाद से महंत गौरव गिरी जी महाराज एवं महंत चंद्रकांत गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य एवं मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं के सहयोग से साकार की जा रही है। मंदिर निर्माण समिति ने समस्त शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग, आशीर्वाद एवं सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया है।