आगरालीक्स…आगरा में दिनदहाड़े ग्राहक बनकर शातिरों ने ज्वैलरी शॉप में की लूट. एडवांस के एक हजार रुपये के नोट हाथ में लेते ही कारोबारी हुआ बेहोश. 50 ग्राम सोने के जेवर ले गए शातिर
आगरा में दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप में टप्पेबाजों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है. ग्राहक बनकर आए शातिरों ने बालियां देखीं और एडवांस के तौर पर दुकानदार को एक हजार रुपये दिए. नोट हाथ मे लेते ही दुकानदार बेहोश हो गया और इसके बाद शातिर दुकान में रखे 50 ग्राम सोने के जेवर लेकर भाग गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं.थाना सदर के रोहता में ओम ज्वेलर्स नाम से सोने—चांदी के जेवरातों की दुकान है. इसके संचालक निशांत सोनी ने बताया कि बुधवार को दुकान के काम से आगरा से बाहर थे और दुकान पर पिता गोलाराम सैनी बैठे हुए थे. दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर दो युवक आए. उनमें से एक दुकान के अंदर आया और उसने बच्ची के लिए कान की बालियां दिखाने को कहा. उसने एक बालजी पसंद की और एक हजार रुपये एडवांस देकर उन्हें अलग रखने को कहा. कुछ ही देर में बाकी के रुपये देकर बाली ले जाने को कहा.
नोट हाथ मेें लेते ही दुकानदार हुआ बेहोशनिशांत सोनी ने बताया कि एडवांस के नोट हाथ में लेते ही कुछ ही सेकंड में उसके पिता बेसुध हो गए. इसका फायदा उठाकर शातिर ने काउंटर की दराज खोलकर उसमें रखे जेवर के दो पैकेट निकाल लिए और बाहर बाइक पर खड़े अपने साथी के साथ बैठकर भाग गया. कारोबारी ने बताया कि टप्पेबाज करीब 50 ग्राम सोने के जेवर ले गए हैं. कुछ देर बाद होश में आने पर पिता ने उन्हें इसकी जानकारी दी. सूचना पर पुलिस भी आ गई. पुलिस ने बताया कि टप्पेबाजों की तलाश में सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है. जल्द आरोपियों को अरेस्ट किया जाएगा.