आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर दर्दनाक हादसा. यूपी टेट परीक्षा पति—पत्नी की बाइक को अज्ञात वाहन ने रौंदा. पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर
आगरा—फिरोजाबाद हाइवे पर बुढ़िया के ताल के पास दर्दनाक हादसा हुआ है. यूपी टेट की परीक्षा देकर जा रहे बाइक सवार पति—पत्नी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों पानी पीने के लिए रुके थे तभी यह हादसा हुआ. दोनों फिरोजाबाद के रहने वाले थे. हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. फिरोजाबाद के थाना नारखी के गांव लतीफपुर कोटला में मोहित कुमार रहते हैं. गुरुवार को वह अपनी पत्नी 33 वर्षीय प्रिया चतुर्वेदी को कुबेरपुर स्थित एक कॉलेज से यूपी टेट की परीक्षा दिलाने के लिए लाए थे. परीक्षा समाप्ति के बाद दोनों बाइक से वापस घर जा रहे थे. बुढ़िया के ताल के पास पानी पीने के लिए सड़क किनारे रुक गए. पीछे से आए अज्ञात वाहन ने इनको चपेट में लेकर टक्कर मार दी. हादसे में प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए आगरा भेज दिया वहीं मृतका के शव को पंचनामा भर मोर्चरी भेज दिया. घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया. मोहित जम्मू में जीआरपी में तैनात है. अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी देखे जा रहे हैं.