आगरालीक्स…आगरा में सड़कों से सवारी भर रहीं 49 रोडवेज बसों के कटे चालान. 17 बसें सीज. टीपी नगर पुल के नीचे, अबुउलाह दरगाह, रामबाग पुल, सुधा नर्सरी के पास हुई कार्रवाई
आगरा में हाइवे पर जाम का सबसे बड़ा कारण रोडवेज बसें हैं. ये बसे आईएसबीटी बस स्टैंड से सवारियां न लेकर ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे, अबुउलाह दरगाह के पास, रामबाग चौराहे आदि से सवारियां भरने के लिए रुक जाती हैं. बसों के खड़े हो जाने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है. कई बार कार्रवाई करने के बाद भी बस चालक मनमानी करते हैं और हर बार ऐसा ही करते हैं. आज रविवार को भी यातायात पुलिस ने इनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया. पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के कुशल निर्देशन में आगरा ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. यह अभियान मुख्य रूप से उन रोडवेज बसों के विरुद्ध चलाया गया, जो राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर लापरवाहीपूर्वक बसें खड़ी कर सवारियां भरती हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. अभियान के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे, अब्बूलाला दरगाह, सुधा नर्सरी तथा रामबाग पुल (NH-19) सहित प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की गई. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली 49 रोडवेज बसों का चालान किया गया तथा 17 बसों को सीज करने की वैधानिक कार्रवाई की गई.