मथुरालीक्स…मथुरा में सगाई समारोह में युवक ने चचेरे भाई के सिर में मारी पांच गोलियां. पत्नी से अवैध संबंध का था शक..
मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित एक फार्मआउस में शनिवार को सगाई समारोह के दौरान युवक ने अपने चचेरे भाई को गोलियों से भून दिया. लाइसेंसी पिस्टल से एक के बाद एक ताबड़तोड़ पांच गोलियां उसके सिर में दाग दीं. चचेरे भाई की मौके पर ही मौत् हो गई. इधर सगाई समारोह में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया लोग इधर उधर भागने लगे. कुछ रिश्तेदारों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.नौहझील के पारसौली में रहने वाले प्रधान सुभाष चौधरी की भतीजी रिंकी की सगाई समारोह शनिवार को गोवर्धन रेाड स्थित एक फार्म हाउस पर चल रहा था. शाम छह बजे सभी रिश्तेदार यहां एकजुट हो गए थे और सगाई शुरू होने में कुछ ही समय रह गया था. तभी प्रधान के करीबी पवन चौधरी और गजेंद्र चौधरी भी यहां आए. दोनों आपस में चचेरे और तहेरे भाई थे. पवन कुर्सी पर बैठा था और गजेंद्र कुछ सामान लेकर उसके आगे से निकल रहा था. इसी दौरान पवन ने लाइसेंसी पिस्टल निकाली और ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी. एक के बाद एक पांच गोली उसने गजेंद्र के सिर और कनपटी में दे मारीं जिससे वो जमीन पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. कुछ लोग गजेंद्र को लेकर अस्पताल भागे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और कुछ रिश्तेदारों ने आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने आरोपी को अरेसट कर लिया. पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है. सीओ प्रवीन तिवारी का कहना है कि पवन चौधरी ने बताया कि उसे गजेंद्र पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.