आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा में जल्द 100 और एसी ई बसें आएंगी. एत्मादपुर, टूंडला, फतेहाबाद, फतेहपुर सीकरी रोड पर चलेंगी…एक नया डिपो भी बनाया जाएगा
आगरा में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुगम बनाने व प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन जल्द ही 100 और नई वातानुकूलित यानी एसी इलेक्ट्रिक बसें शहर में शामिल करने जा रहा है. 100 नई ई बसें मिलने के बाद इनकी संख्या अब 200 हो जाएगी. इसके लिए प्रशासन की मंजूरी मिल चुकी है. इन बसों के आने से ई बसों का दायरा शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बढ़ेगा. योजना के अनुसार इन बसों का संचालन एत्मादपुर, टूंडला, फतेहाबाद रोड, फतेहपुर सीकरी मार्ग और शहर से जुड़े अन्य ग्रामीण मार्गों पर किया जाएगा. इन बसों के रखरखाव और चार्जिंग के लिए एक नया डिपो भी बनाया जाएगा. इसके लिए कुबेरपुर और मेहताब बाग के पास जमीन का सर्वे भी कराया गया है. एडीएम सिटी के अनुसार ये 100 नई बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त् और हाईटेक होंगी. यात्रियों की सुविधा और रूट की आवश्यकता के अनुसार इन्हें दो श्रेणियों में बांटा गया है. सात मीटर लंबी 50 और नौ मीटर लंबी 50 बसें होंगी.