आगरालीक्स…Agra News: आगरा में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे को कर्मचारियों ने बूम बैरियर हटाकर टोल फ्री कर दिया, सैकड़ों वाहन बिना टोल के गुजरे, सप्ताह में एक दिन की छुट्टी की मांग करते हुए किया हंगामा।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आगरा में फतेहाबाद क्षेत्र में टोल प्लाजा है। टोल प्लाजा का संचालन महाराष्ट्र की कंपनी श्री साईं दातार द्वारा किया जा रहा है। टोल प्लाजा पर 25 कर्मचारी काम कर रहे हैं, कर्मचारियों द्वारा सप्ताह में एक दिन छुट्टी की मांग की जा रही थी, सोमवार रात 12 बजे के बाद कर्मचारियों ने छुट्टी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
टोल फ्री करने से बिना टोल दिए निकले सैकड़ों वाहन
कर्मचारियों ने हंगामा और प्रदर्शन करने के बाद धरना शुरू कर दिया। टोल प्लाजा पर आने वाले वाहनों के लिए बूम बैरियर हटा दिया और टोल फ्री कर दिया। इससे बिना टोल दिए हुए ही वाहन टोल प्लाजा से गुजरने लगे। टोल मैनेजर प्रमोद धनगर ने पुलिस को सूचना दे दी, पुलिस ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर कुछ कर्मचारियों को पकड़ लिया। रात में टोल फ्री होने से सैकड़ों वाहन बिना टोल दिए निकल गए।