मथुरालीक्स…गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेला 23 से 30 जुलाई तक चलेगा. रोडवेज चलाएगा 1000 बसें. रिजर्व में रहेंगी 100 बसें
गोवर्धन में लगने वाला प्रसिद्ध व प्राचीन मुड़िया पूर्णिमा मेला 23 जुलाई से शुरू हो रहा है और यह मेला 30 जुलाई तक चलेगा. मुड़िया पूर्णिमा मेले में गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ता है. देश के कोने—कोने से लाखों श्रद्धालु परिक्रमा लगाने के लिए यहां आते है. मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं.यूपीएआरटीसी मुड़िया पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं के लिए 1000 रोडवेज बसें चलाएगा जिससे मुड़िया पूर्णिमा मेले में आए श्रद्धालुओं को गोवर्धन पहुंचाने व वापस लौटने में कोई परेशान न हो. इसके लावा 100 बसों को रिजर्व में रखा जाएगा. इनमें से 250 बसें आगरा परिक्षेत्र से जाएंगी तो वहीं 750 बसें प्रदेश के छह अन्य क्षेत्रों से लगाई जाएंगी. इनमें एक एक एआरएम भी मेला ड्यूटी के लिए आएंगे. हर बस में दो चालक तैनात होंगे. मेले के दौरान कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घ्ंटे रहेगी.
जानिए कितना होगा किरायामथुरा से गोवर्धन तक का एक तरफ का किराया 50 रुपये तय किय गया है. मथुरा से गोवर्धन जाने वाली बसें अडींग होकर जाएंगी और वापसी में बसें सौंख होकर मथुरा आएंगी. श्रद्धालुओं को रोडवेज बसें मथुरा जंक्शन स्टेशन की सेकेंड एंट्री से मिलेगी. इसी तरह गिरिराज महाराज के दर्शन व परिक्रमा के बाद भक्तों को मथुरा वापस लाने वाली रोडवेज बसें धौली प्याऊ की ओर स्थित थर्ड एंट्री पर उतारेंगी.