आगरालीक्स…Agra News: आगरा में 10 सेकेंड में 20 फीट गहरे नाले में समा गई दो मंजिला कपड़े की दुकान, बुजुर्ग महिला की 16 घंटे बाद भी तलाश जारी। महावीर नाले के आस पास एक हजार कपड़े की दुकानें। एक महीने पहले दुकान की मरम्मत कराने के लिए नगर निगम में व्यापारियों ने दिया था ज्ञापन।
आगरा के बिजलीघर सुभाष बाजार में पांच दशक पहले नगर निगम ने नाले पर आठ दुकानें बनवाईं थी, इन दुकानों को भूषण कुमार, धर्मेंद्र कुमार, केवलराम, देवनदास, ग्यानचंद्र, गुरुबक्श कौर, कमलजीत सिंह और सुशील कपूर को आवंटित की थीं। इसमें से स्वामी क्लार्थ स्टोर जिसका आवंटन देवनदास के नाम पर था उस पर अब उनके बेटे तोलाराम और पौत्र बैठते हैं। दुकान जर्जर हो गई थी इसलिए गोदाम से भी काम करते थे। बुधवार दोपहर 2.30 बजे दो मंजिला राधास्वामी क्लॉथ सेंटर के संचालक केदारनगर निवासी तोलाराम पौत्र कृष्णा व कर्मचारी लाला के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान दुकान ढह गई। उसी दौरान लखनऊ की रहने वाली महिला सिपाही अनीता, डेढ़ साल की बेटी अनन्या और 60 साल की मांग गंगा देवी निवासी नगला तेजा तेहरा सैंया खरीदारी के लिए जा रहीं थे वे भी दुकान ढहने से मलबे की चपेट में आ गईं। रेक्स्यू आपरेशन के बाद चार को बाहर निकाल लिया गया, 60 साल की गंगा देवी लापता हैं।
नौ जून को नगर निगम में दुकानों की मरम्मत के लिए दिया था ज्ञापन
सुभाष बाजार व्यापार समिति के अध्यक्ष इंद्र कुमार मंगरानी के अनुसार, एक महीने पहले नगर निगम में ज्ञापन देकर मांग की थी कि नाले के प्लेटफार्म और वहां बनी दुकानों का पुनर्निमाण कराया जाए। बारिश से दुर्घटना हो सकती है, नगर निगम मरम्मत नहीं कर सकता है तो दुकानदारों को मरम्मत करने की अनुमति दी जाए लेकिन अनुमति नहीं मिली थी। नगर आयुक्त संतोष कुमार का मीडिया से कहना है कि कुछ समय पहले दुकान की मरम्मत कराने की मांग लेकर दुकानदार आए थे, उनकी शिकायत के बाद पता चला कि दुकान नाले पर बनी हुई हैं। दुकानों का निर्माण नाले पर कैसे हुआ इसकी जांच कराई जा रही है, इसी बीच हादसा हो गया।
महिला सिपाही की बुजुर्ग मां की तलाश जारी
डीएम मनीष बंसल का कहना है कि बारिश के कारण सुभाष बाजार स्थित नाले पर बनी दुकानों में दरार आने के कारण दुकान ढह जाने से 5 लोग मलबे में दब गए, रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे में फंसे 04 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकालकर घायलों को एम्बुलेंस से इलाज हेतु जिला अस्पताल तथा एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मलबे में 60 साल की गंगादेवी के दबे होने की संभावना है जिसकी तलाश हेतु रेस्क्यू टीमों द्वारा संयुक्त रुप से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।