आगरालीक्स…आगरा आई मां ज्वाला देवी की पावन ज्योत. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से आगरा में भव्य प्रवेश, फुलट्टी चौक स्थित कुआं वाले मंदिर में हुई स्थापित
ध्यानु भक्त मंडल द्वारा विगत 10 वर्षों से मां ज्वाला देवी की शोभायात्रा एवं विशाल जागरण का आयोजन निरंतर श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश स्थित कांगड़ा से श्री ज्वाला देवी शक्तिपीठ से मां की पावन ज्योत लाकर किया गया। ध्यानु भक्त मंडल के सदस्य आगरा से हिमाचल प्रदेश में मां ज्वाला देवी की पावन ज्योत लेने रवाना हुए तथा 9 जुलाई 2026 को दोपहर आगरा ज्वाला देवी की ज्योति लेकर पहुंचे। आगरा आगमन पर श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों एवं माता के जयकारों के साथ कांगड़ा से ज्वाला देवी की लाई गई ज्योति का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात घटिया आजम खां से फुलट्टी चौक तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु पूरे मार्ग में माता रानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का समापन फुलट्टी चौक स्थित कुआं वाले मंदिर में हुआ, जहां विधि-विधान से मां की पावन ज्योत स्थापित की गई।
ध्यानु भक्त मंडल द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 11 जुलाई शनिवार को हनुमान मंदिर (कुआं वाला मंदिर), फुलट्टी चौक, आगरा में महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 12 एवं 13 जुलाई 2026 को सुबह 9 :00 बजे से यज्ञ एवं महायज्ञ संपन्न होंगे। 14 जुलाई को दोपहर दो बजे से भव्य शोभायात्रा फुलट्टी चौक से प्रारंभ होकर मनकामेश्वर महादेव मंदिर, दरेसी, मोतीगंज, बेलनगंज एवं घटिया मार्ग से पुनः फुलट्टी चौक पहुंचेगी। शोभायात्रा में माता रानी की भव्य पालकी, आकर्षक डोले एवं बैंड-बाजों की विशेष प्रस्तुति रहेगी। इसी दिन सुबह 11:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
15 जुलाई की रात्रि में फुलट्टी चौक स्थित कार्यक्रम स्थल पर बाहर से आमंत्रित प्रतिष्ठित भजन गायकों द्वारा मां दुर्गा का विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल हनुमान मंदिर (कुआं वाला मंदिर), फुलट्टी चौक (सुधीर बैंड के पास), आगरा रहेगा। ध्यानु भक्त मंडल ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां ज्वाला देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। हिमाचल प्रदेश से मां की पावन ज्योत लाने में मुख्य पंडित सोनू सारस्वत, नारायण भगत, यादराम शर्मा, मोनू शर्मा, देवेश गोयल, ध्रुव सारस्वत, नीरज कश्यप, अरुण वार्ष्णेय, हर्ष सोनी, सुमित, सौरव वार्ष्णेय, दीपक शर्मा, रोहित, राजेंद्र पाराशर, आशुतोष गौतम, सुमित चौधरी, सर्वेश वर्मा (पांडू भाई), ध्रुव अग्रवाल (हनी), नीरज, अजय सहित ध्यानु भक्त मंडल के अनेक श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।