आगरालीक्स…आगरा के सुभाष बाजार हादसे में महिला का अभी तक नहीं चला पता. मुख्य अभियंता को नोटिस, अवर अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति.
आगरा के सुभाष बाजार में बुधवार को साड़ी की दो मंजिला दुकान नाले में धंस गई. इसके साथ दुकान के अंदर मौजूद 5 लोग भी मलबे में दब गए. पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए रेस्क्यू आपरेशन में चार लोगों को तो सकुशल निकाल लिया गया लेकिन एक महिला गंगा देवी का पता नहीं चला. बुधवार रात तक रेस्क्यू चला और आज सुबह से यहां रेस्क्यू चल रहा है लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल सका है. रेस्क्यू के दायरे को भी बढ़ा दिया गया है. इधर इस हादसे के बाद से नगर निगम प्रशासन ने जिममेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तो वहीं क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है. सुभाष बाजार में हुए इस हादसे में व्यापारियों ने साफ तौर पर नगर निगम को इसका दोषी ठहराया है. इधर हादसे को नगर आयुक्त ने बुधवार को ही अपर नगर आयुक्त को जांच कर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा. अपर नगर आयुक्त की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि समय समय पर जर्जर भवन व दुकानों का निरीक्षण करके नोटिस जारी किया जाता है जो कि क्षेत्रीय अभियंत्रण अधिकारी की जिम्मेदारी है लेकिन जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारियों ने इस दिशा में अपेक्षित सतर्कता और तकनीकी निरीक्षण नहीं किया. रिपोर्ट में इसे गंभीर प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही माना गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर आयुक्त् ने प्रभारी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तो वहीं क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है.