आगरालीक्स…शर्मनाक, सास ने जहर की पुड़िया देकर दामाद से कहा—पहले अपनी मां को मार दो तब बेटी को भेजूंगी. बेटे ने खाने में दे दिया मां को जहर…आरोपी बेटा पुलिस ने पकड़ा. सास की तलाश
आगरा में एक शर्मनाक मामला सामने आया है. एक बेटे ने अपनी ही मां को खाने में जहर दे दिया. गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जांच में जहर देने की पुष्टि हुई तो आरोपी बेटा फरार हो गया लेकिन पुलिस ने कल शनिवार को उसे पकड़ लिया. आरोप है कि बेटे की सास ने उससे ऐसा करने को कहा था. पुलिस अब आरोपी सास को तलाश रही है.घटना गुरुवार दोपहर को पिनाहट के बरपुरा गांव की है. यहां रणवीर सिंह रहते हैं. इनके दो बेटे मुकेश और रविंद्र व एक बेटी है. तीनों की शादी हो चुकी है. रविंद्र की शादी दो साल पहले फतेहाबाद के रूनवाई गांव में हुई थी. एक महीने पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी और फिर वापस नहीं लौटी. पुलिस पूछताछ में आरोपी रविंद्र ने बताया कि वह 8 जुलाई को पत्नी को लेने ससुराल गया था. वहां उसकी सास फूलवती ने बेटी को भेजने से इनकार कर दिया. आरोप है कि उसकी सास ने बेटी को भेजने के लिए दामाद के सामने शर्त रखी. सास ने दामाद से कहा था कि वह अपनी बेटी को तभी भेजेग जब वह अपनी मां की जान ले लेगा. इसके बाद सास ने दामाद को जहर की पुड़िया दे दी.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को घर में छोले बने थे. दोपहर में जब उसकी मां खाना खाने बैठी तो उसने मौका पाकर छोले में जहर मिला दिया. खाना खाने के कुछ देर बाद मां की तबीयत बिगड़ गई. हालत बिगड़ने पर जीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया. अस्पताल में महिला ने डॉक्टरों और परिजनों को बताया कि बेटे ने उन्हें छोले खाने के लिए दिए थे. जब जांच की गई तो जहर की पुष्टि हुई. इस पर आरोपी बेटा डाकर मौके से भाग गया. घटना की जानकारी होने पर 10 जुलाई को रणवीर सिंह ने बेटे रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने आरोपी बेटे को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस आरोपी सास फूलवती की तलाश कर रही है. वह फरार है.