आगरालीक्स…Agra News: आगरा में गुरु द्वारा गुरु के ताल के सामने मालगाड़ी की चपेट में आने से डॉक्टर की मौत, सर्विस रोड पर खड़ी थी कार। हॉस्पिटल का पंजीकरण न होने से चल रहे थे परेशान।
आगरा की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर सात में रह रहे नगला ढाक, पचोखरा फिरोजाबाद के रहने वाले 52 साल के डॉ. लटूरी सिंह यादव शनिवार सुबह 11 बजे घर से गए थे, रात नौ बजे गुरु द्वारा गुरु का ताल के सामने रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला था, लोको पायलट ने कंट्रोल रूम में सूचना दी थी।
छह महीने से नए अस्पताल बनाने में जुटे थे, नहीं हो सका पंजीकरण
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. लटूरी सिंह यादव ने कमला नगर में साईं कृपा के नाम से हॉस्पिटल खोलने जा रहे थे। इसके लिए छह महीने पहले काम शुरू किया था, उनके बेटे मयंक भी मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। मगर, उनके हॉस्पिटल का पंजीकरण नहीं हो सका था, तीन दिन पहले भी वे सीएमओ कार्यालय में गए थे लेकिन पंजीकरण होल्ड पर डाल दिया गया था। इससे भी वे परेशान चल रहे थे। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि आवासीय संस्थानों में नए अस्पताल के पंजीकरण के लिए अभी तक शासन स्तर से दिशा निर्देश नहीं आए हैं इसलिए पंजीकरण नहीं किए गए हैं लेकिन अभी कोई पंजीकरण निरस्त नहीं किया है।