आगरालीक्स…Agra news: आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन उपाधीक्षक को आरपीएफ जवानों द्वारा घसीटते हुए ले जाने का वीडियो सुर्खियों में है। आरपीएफ के दो एएसआई सहित चार को निलंबित करने के साथ ही मुकदमा भी दर्ज किया गया है, जानें पूरा मामला।
हीराकुंड एक्सप्रेस रविवार सुबह 10.51 बजे आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर रुकी, ट्रेन में यात्रा कर रहीं लुधियाना की रंजीता राव पेठा खरीदने के लिए प्लेटफार्म पर उतरीं, खरीदारी में देरी होने से ट्रेन चल पड़ी। आगरा कैंट स्टेशन पर डयूटी पर मौजूद स्टेशन उपाधीक्षक यानी डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर ने महिला को दौड़ते देखा तो गार्ड को वॉकी टॉकी से सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी। आरपीएफ के एएसआई और कांस्टेबल ने समझा कि चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी गई है, उन्होंने महिला यात्री को ट्रेन में चढ़ने से रोकते हुए एक हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। डीएसएस ने बताया कि ट्रेन उनके निर्देश पर रोकी गई है लेकिन आरपीएफ कर्मी नहीं माने, बहस के बाद मारपीट हो गई। डीएसएस को घसीटते हुए आरपीएफ कर्मियों के ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद खलबली मच गई।
मुकदमा किया गया दर्ज
इस मामले में दो एएसआई और दो आरक्षी सहित चार को निलंबित कर दिया गया था। रात में जीआरपी आगरा कैंट में डीएसएसआई नरेंद्र सिंह चाहर की तहरीर पर एएसआई मेघराज मीणा व बालकिशन और आरक्षियों जितेंद्र कुमार और बदन सिंह के अलावा कुछ बाहरी अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जनसंपर्क अधिकारी आगरा मंडल संजय कुमार गौतम का कहना है कि जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, समिति में एएससी आगरा कैंट, एडीईई और एओएम हैं। चारों को निलंबित कर दिया गया, विभागीय कार्रवाई की जाएगी।