आगरालीक्स…शॉकिंग, ट्रेन में 12 साल की बच्ची को दुल्हन बनाकर ले जाया जा रहा था. 10 हजार रुपये में बेची गई. राजस्थान ले जा रहे थे आरोपी. आगरा फोर्ट स्टेशन पर तीन अरेस्ट…मानव तस्करी का भंडाफोड़
आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और एनजीओ की संयुक्त टीम ने गुवाहाटी—बीकानेर एक्सप्रेस से 12 साल की एक बच्ची को बचाया है. बच्ची को दुल्हन बनाकर आरोपी राजस्थान लेकर जा रहे थे. बच्ची के माता पिता ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये में बच्ची की शादी करा दी थी. पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.चेकिंग में संदिग्ध मिली गतिविधियां
आरपीएफ आगरा फोर्ट स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान पर थी. इसी दौरान गुवाहाटी—बीकानेर एक्सप्रेस में सवार एक महिला और दो पुरुषों के साथ टीम ने एक बच्ची को देखा. बच्ची की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगी. इस पर आरपीएफ कर्मियों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने सनसनीखेज जानकारी दी. जांच में सामने आया कि बच्ची बिहार की रहने वाली है और उसके माता पिता ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये में उसकी शादी करा दी थी और इसके बाद आरोपी उसे राजस्थान लेकर जा रहे थे. आरपीएफ और एनजीओ की संयुक्त टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए बच्ची को आरोपियों से मुक्त कराया और तीनों आरोपी जो कि राजस्थान के रहने वाले हैं से पूछताछ की गई. मानव तस्करी को लेकर जानकारी भी की गई. इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ संदिग्ध धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया. यहां से उनहें जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब आरोपियों की कुंडली खंगाल रही है.