आगरालीक्स ..Agra News: आगरा कैंट स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक (डीएसएस) के साथ आरपीएफ जवानों की मारपीट में कान का पर्दा फट गया, आरपीएफ जवानों को बर्खास्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ऑल इंडिया स्टेशन प्रबंधक एसोसिएशन का प्रदर्शन।
आगरा में रविवार को हीराकुंड एक्सप्रेस से पेठा लेने की लिए उतरी महिला यात्री की ट्रेन छूटने पर डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर ने गार्ड को वॉकी टॉकी से सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी थी। आरपीएफ कर्मियों ने समझा कि चेन पुलिंग की गई है, उन्होंने महिला यात्री को पकड़ लिया जब डीएसएस ने समझाने की कोशिश की तो विवाद बढ़ता जला गया, डीएसएस को कैंट स्टेशन पर घसीटते हुए आरपीएफ पोस्ट तक लेकर गए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद आरपीएफ के चार कर्मियों को निलंबित करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया गया था। वहीं, डीएसएस नरेंद्र सिंह चाहर ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। मेडिकल में उनके कान का पर्दा फटे होने, कान में सूजन, रक्तस्राव और किसी कठोर वस्तु से चोट लगने का उल्लेख किया गया है, चार सप्ताह में दोबार जांच कराने की सलाह दी है। वहीं, रेलवे प्रशासन द्वारा गठित स्टेशन कमेटी ने स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी, अधीक्षक प्रवेंद्र प्रकाश, उप स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के बयान दर्ज किए।
रेलवे अधिकारियों का प्रदर्शन
इस घटना के बाद से रेलवे कर्मियों द्वारा काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार सुबह ऑल इंडिया स्टेशन प्रबंधक एसोसिएशन के राष्ट्रीय महामंत्री शरद चंद्र कैंट स्टेशन पर पहुंचे, उनके साथ रेलवे अधिकारियों ने प्रदर्शन किया और आरपीएफ के जवानों को बर्खास्त करने की मांग की।