आगरालीक्स आगरा के बिल्डर की रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में फ्लैट और प्लाट बुक कराने के बाद भी ना मिलने पर 190 करोड़ रुपये के दो प्रोजेक्ट पर कुर्की नोटिस चस्पा। आगरा के राजस्व विभाग की टीम ने 70 हजार वर्ग मीटर से अधिक संपत्ति जब्त की है।
सिविल लाइंस सूर्य नगर, वैभव एग्जाटिका निवासी हरिओम दीक्षित की फर्म गायत्री डेवलपवेल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ 11 से अधिक निवेशकों ने रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाए थे कि प्रोजेक्ट के नाम पर भुगतान करा लिया लेकिन उन्हें संपत्तियां नहीं मिलीं। रेरा ने बिल्डर के खिलाफ करीब 4.08 करोड़ रुपये की बकाया वसूली के लिए जिलाधिकारी को आरसी जारी करने के आदेश दिए थे। बिल्डर पर दो आरसी का करीब 90 लाख रुपये बकाया है।
दो प्रोजेक्ट किए सील
डीएम मनीष बंसल के निर्देशन में गुरुवार को सदर तहसील की राजस्व टीम नोएडा पहुंची। टीम ने सेक्टर 1 स्थित गायत्री ओरा और एपेक्स ओरा, गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन के बुकिंग कार्यालय सहित पूरे प्रोजेक्ट पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया। कुर्की के बाद भी रकम ना चुकाने पर संपत्ति को नीलाम किया जाएगा। कुर्क संपत्ति की वर्तमान बाजार कीमत करीब 190 करोड़ रुपये है। इन दोनों प्रोजेक्ट में 350 फ्लैट हैं।