फिरोजाबादलीक्स…रेलवे ट्रेक किनारे मिला 10वीं की छात्रा का शव. स्कूल जाने के लिए सुबह घर से निकली थी, दोपहर में मिली लाश. परिजनों ने कहा—मारकर फेंका गया. संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद, उसमें थी गवाह
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में हाईस्कूल की छात्रा का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला है. 15 साल की इस छात्रा का नाम शिवानी था. परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि संपत्ति का विवाद चल रहा था जिसमें शिवानी गवाह थी. उसको यहां मारकर फेंका गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मामले की जांच की जा रही है. नगला सोती थाना मटसेना में भीकम सिंह रहते हैं. इनकी बेटी 15 साल की शिवानी हाईस्कूल की छात्रा थी. शुक्रवार सुबह शिवानी घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. दोपहर लगभग एक बजे उसका शव मक्खनपुर क्षेत्र के रसीदपुर कनेटा के पास रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला. मृतक शिवानी के परिजनों का कहना है उनकी एक और बेटी के ससुराल पक्ष से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है. इसमें शिवानी की कोर्ट में गवाही होनी थी. आरोप है कि गवाही रुकवाने के लिए उसकी हत्या की गई है और शव को यहां फेंका गया है. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.