आगरालीक्स…आगरा ट्रैफिक पुलिस बोली—बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं. 11 दिन में 144 स्कूली वाहन के काटे चालान तो 10 किए सीज. शिकायत के लिए नंबर भी किया जारी…
आगरा में इस समय स्कूली वाहनों के खिलाफ जमकर अभियान चल रहा है. 7 जुलाई से 22 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में आगरा यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रमुख चौराहों और रास्तों पर अभियान चल रहा है. 11 दिन यानी 7 जुलाई से 17 जुलाई तक यातायात पुलिस ने 144 स्कूली वाहनों के चालान काटे हैं तो वहीं 10 स्कूली वाहनों को सीज किया है. स्कूली वाहनों के खिलाफ चल रहे इस अभियान पर स्कूली वाहन चालकों द्वारा हड़ताल भी की गई और विरोध प्रदर्शन भी किया गया लेकिन आगरा यातायात पुलिस के उपायुक्त सोनम कुमार ने साफ कर दि या है कि यह अभियान जारी रहेगा. बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.15 दिन तक चल रहा विशेष सघन स्कूली वाहन चेकिंग अभियान
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए आगरा यातायात पुलिस द्वारा 07 से 22 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष सघन स्कूली वाहन चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना, यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराना तथा छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है. चेकिंग के दौरान प्रत्येक वाहन की तकनीकी स्थिति एवं सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है. वाहन की फिटनेस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस प्रणाली, चालक एवं परिचालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, परिचय-पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की सूक्ष्म जांच की जा रही है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सके. निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
7 जुलाई से 17 जुलाई तक की गई कार्रवाई
चालान किए गए स्कूली वाहनों की कुल संख्या:- 144
सीज किए गए स्कूली वाहनों की कुल संख्या:- 10
पुलिस उपायुक्त, यातायात सोनम कुमार ने सभी विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामियों, संचालकों एवं चालकों से अपील की है कि वे स्कूली वाहनों में निर्धारित समस्त सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें तथा यातायात नियमों का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करें. उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. अभियान के दौरान एवं उसके उपरांत भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के लिए केवल मानक अनुरूप एवं सुरक्षित स्कूली वाहनों का ही चयन करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में आगरा यातायात पुलिस का सहयोग करें.
शिकायत नंबर भी किया जारी
उन्होंने सभी सम्मानित अभिभावकों, प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रबंधकों से अपील की है कि यदि कोई स्कूल वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल ट्रैफिक हेल्पलाइन 9454457886 पर दें. सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा संबंधित वाहन के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.
13 दिन में 564 बसें के काटे चालान, 40 बसें सीज
स्कूली वाहनेां के अतिरिक्त यातायात पुलिस द्वारा अवैध रूप से सड़क पर खड़ी होने वाली और नियमों के विरुद्ध चल रही रोडवेज व निजी बसों के खिलाफ भी अभियान चल रहा है. 5 जुलाई से 17 जुलाई तक चले इस अभियान में 546 बसों के चालान काटे गए हैं तो वहीं 40 बसें सीज भी की गई हैं.